रायगढ़. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आलोचक पावेल एंतोव की ओडिशा के रायगढ़ स्थित एक होटल की खिड़की से गिरने से मौत हो गई। शनिवार को हुई इस घटना से दो दिन पहले ही उनके एक साथी की भी होटल में ही हार्ट अटैक से मौत हुई थी। इन दो घटनाओं ने रूस के अरबपतियों की लगातार हो रही मौतों की तरफ तो लोगों का ध्यान खींचा ही है, साथ ही इस पर भी चर्चा हो रही है कि आखिर एंतोव ने पुतिन को लेकर क्या बयान दिए थे।
फरवरी में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के करीब चार महीने बाद रूस के सबसे अमीर नेता ने पुतिन की आलोचना की थी। उन्होंने रूस की तरफ से कीव पर की जा रहीं एयर स्ट्राइक्स को रूसी आतंक करार दिया था और कहा था कि हमले में यूक्रेनी नागरिकों की जान जा रही है।
उन्होंने रूसी मिसाइल हमले की जानकारी साझा करते हुए कहा था- “एक लड़की को अभी मलबे से बाहर निकाला गया है। लड़की के पिता की मौत हो गई है। मां उस बच्ची को क्रेन की मदद से निकालने की कोशिश करती दिख रही है। वह एक स्लैब की नीचे फंसी है। सच पूछो तो इसे आतंकवाद से कम कुछ भी कहना मुश्किल है।”
एंतोव के इस बयान के बाद रूस में उनकी काफी आलोचना भी हुई थी। बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच उन्होंने अपना बयान वापस लेते हुए माफी मांगी थी। इसके बाद अपना रुख पलटते हुए उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट को ‘दुर्भाग्यपूर्ण गलतफहमी’ और ‘तकनीकी गड़बड़ी’ करार दिया था। इतना ही नहीं एंतोव ने यह भी कहा था कि वे हमेशा से ही राष्ट्रपति पुतिन का समर्थन करते रहे हैं और पुतिन के सैन्य लक्ष्यों के साथ खड़े हैं। हालांकि, स्थानीय पत्रकारों ने उनका विरोध जारी रखा।
इस घटना को लेकर कोलकाता स्थित रूसी वाणिज्य दूतावास का भी बयान आया है। इसमें रूसी राजनयिक एलेक्सेई ईदामकिन ने कहा कि एंतोव ओडिशा के रायगढ़ में होटल से गिर गए और उनकी मौत हो गई। एलेक्सेई ने कहा कि हम पुलिस की जांच में सहयोग कर रहे हैं और सारी जानकारी ले रहे हैं।