उत्तर प्रदेश। के बागपत जिले में बुधवार को एक हादसा हो गया। यहां यमुना नदी में नहाने गए तीन दोस्त डूब गए, इनमें से दो की मौत हो गई। वहीं इस घटना से गांव में मातम पसर गया। उधर, जानकारी लगने पर एसडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

बड़ौत क्षेत्र के खेड़ी प्रधान खादर में बुधवार को यमुना में नहाते समय तीन दोस्त डूबने लगे। एक तो किसी तरह बच गया, जबकि दो किशोरों की मौत हो गई। दोनों की मौत से लुहारी गांव में शोक का माहौल है। 

लुहारी गांव निवासी मुकीम उर्फ अनस (16) पुत्र हारून अपने दोस्त खामपुर निवासी साकिब (15) और सोनू (16) पुत्र मंजूर के साथ बुधवार दोपहर खेड़ी प्रधान के खादर में यमुना में नहाने गया था। तीनों नहाते वक्त यमुना के बीच चले गए और अचानक डूबने लगे। किसी तरह सोनू बचकर बाहर आ गया।

उसने गांव जाकर ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीण गोताखोरों के साथ आए और यमुना में तलाश शुरू की गई। गोताखोरों ने मुकीम और साकिब को यमुना से निकाल लिया। दोनों के शरीर में पानी भर चुका था। परिजन उन्हें लेकर नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए।