महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां शाम को खुशियों की शहनाई की धुन सुनाई देनी थी, वहां आज मातम का सन्नाटा छाया हुआ है। जहां कुछ देर पहले खुशियों के ठहाके लग रहे थे वहां अब उदासी और आंसू नजर आ रहे हैं।

दरअसल महोबा से अजनर बारात गई थी। रास्ते में बस खराब होने से दूसरे वाहनों से बरातियों को ले जाया जा रहा था। इन्हीं में से एक बोलेरो कार रास्ते में अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें सवार करीब दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें सभी को एंबुलेंस से महोबा अस्पताल लाया गया। यहां दूल्हे के मौसा सहित तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

महोबा के बजरिया मुहल्ला से अजनर निवासी किशुन प्रसाद मिश्रा के यहां बारात गई थी। रात करीब दस बजे अजनर-कुलपहाड़ रोड पर गौरा बाबा के पास बस खराब हो गई। बस खराब होने की जानकारी पर रात को ही अजनर से दो बोलेरो कार से बरातियों को लाया जा रहा था। इसमें से एक बोलेरो अजनर से कुछ दूर पहले ही अनियंत्रित होकर पलट गई।

बोलेरो में करीब दस बराती सवार थे। बरातियों ने पुलिस को रात को फोन पर सूचना दी। अजनर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को रात करीब 12 बजे महोबा अस्पताल लाया गया। यहां दूल्हे के मौसा, व दो वृद्धों को मृत घोषित कर दिया गया।