नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस पार्टी को राजघाट पर ‘सत्याग्रह’ करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने इसके पीछे सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है। बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में पार्टी नेताओं ने आज राजघाट पर एकदिवसीय सत्याग्रह कर रहे हैं। इसके लिए पार्टी की ओर से दिल्ली पुलिस से अनुमति मांग गई थी। इस संबंध में अधिकारियों ने रविवार को जानकारी दी है।
दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया कि कानून-व्यवस्था, यातायात कारणों और राजघाट व उसके आसपास धारा 144 सीआरपीसी के तहत प्रतिबंधात्मक आदेशों के कारण ‘सत्याग्रह’ करने की अनुमति नहीं दी गई है। इसे लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि सत्याग्रह करने की अनुमति नहीं दी गई है, लेकिन राजघाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में रविवार को देश के सभी राज्यों और जिला मुख्यालयों पर गांधी प्रतिमाओं के सामने एक दिन का सत्याग्रह आयोजित करने की घोषणा की है।
बता दें कि गुजरात के सूरत की एक अदालत द्वारा 2019 के मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया। चार बार सांसद रहे राहुल गांधी को अयोग्य ठहराए जाने के बाद उन्हें आठ साल तक चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है, जब तक कि कोई उच्च न्यायालय उनकी दोषसिद्धि पर रोक नहीं लगाता है।