मेरठ: बृजमनगंज क्षेत्र के धानी बाजार में किराए के मकान में रह रहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी के उपकेंद्र मोगलहा में कार्यरत एएनएम कामिनी सिंह का शव उनके ही कमरे में शुक्रवार की शाम चार बजे फंदे से लटका मिला। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुटी है।

मेरठ जिले के सरधना थानाक्षेत्र के ग्राम पलेहरा की रहने वाले सुक्रम पाल सिंह की पुत्री 24 वर्षीय कामिनी सिंह महराजगंज जिले के धानी बाजार निवासी संजय अग्रहरि के मकान में किराए पर अकेले रहती थी। वह विगत तीन वर्ष से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी के उपकेंद्र मोगलहा में तैनात थी। धानी से प्रतिदिन मोगलहा ड्यूटी पर जाती थी। आस-पास के लोगों के मुताबिक अंतिम बार उन्हें लोगों ने गुरुवार की शाम को देखा था।

इधर शुक्रवार शाम चार बजे तक जब कमरे का फाटक नहीं खुला तो मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजे पर दस्तक देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो लोग कमरे की खिड़की के रास्ते देखे, तो एएनएम का शव छत की कुंडी से लटका था।

बृजमनगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के स्वजन को सूचित कर काल डिटेल भी खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा।