यूपी। जालौन जिले के कोंच क्षेत्र में सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब यह बात अपने परिजनों को बताई, तो उनके होश उड़ गए। टीबी से ग्रसित दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
पीड़िता के दादा की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसके भतीजे की शादी कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती से करीब पंद्रह वर्ष पहले हुई थी।
शादी के बाद दोनों के एक बेटा और एक बेटी हुई थी। शादी के करीब चार वर्ष बाद ही भतीजे की पत्नी छोड़कर चली गई। वह साथ में दोनों बच्चे भी ले गई। इसके बाद उसने रेंढर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी सुनील से कोर्ट मैरिज कर ली थी।
शादी के बाद से सुनील उसके भतीजे की पूर्व पत्नी और भतीजे के दोनों बच्चों के साथ गांव में रह रहा था। करीब दो माह पहले महिला की मौत हो जाने पर वह भतीजे की 12 वर्षीय बेटी और बेटे को अपने साथ ले आए थे। दादा ने बताया कि 12 वर्षीय पोती टीबी की बीमारी से पीड़ित थी।
इसके चलते चार अप्रैल को उसे हैलट अस्पताल कानपुर में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान बेटी ने उसे बताया कि सौतेले पिता सुनील कुमार ने मां की मौत से कुछ दिन पहले उसके साथ दुष्कर्म किया। डर के मारे उसने किसी को यह बात नहीं बताई।
कोंच कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले में सीओ कोंच शैलेंद्र कुमार वाजपेयी का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।