धनबाद। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी को 2024 में प्रधानमंत्री बनाना है तो संगठन मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कौन किस पद के लायक है, यह उनके काम से आंका जाएगा। निष्क्रिय लोगों को कमेटी से बाहर किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा, काम करने वालों को जिम्मेवारी दी जाएगी। जो भी प्रभारी अपने संबंधित जिले या प्रखंड में नहीं गए हैं, उन्हें शोकाज किया गया है। अधिकारी यदि आपकी बात नहीं सुनते हैं तो यह आपकी कमजोरी है। आप कांग्रेस के पदाधिकारी बनने लायक नहीं हैं। रोने से काम नहीं चलेगा।
वह गुरुवार को यहां स्वामी सहजानंद सरस्वती ट्रस्ट भवन में धनबाद जिला कांग्रेस की प्रथम कार्यकारिणी एवं शपथ ग्रहण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने की।
शपथ ग्रहण समारोह में जिले की एकमात्र कांग्रेस विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, पूर्व मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो समेत जिले के कई प्रमुख बड़े नेता नहीं पहुंचे थे।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि जनता का काम करने के लिए कांग्रेस का आपको पदाधिकारी बनाया गया है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह ने पार्टी में अनुशासन पर बल दिया। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इस मौके पर जिला कांग्रेस में पदाधिकारी बने नेताओं को शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में पदाधिकारी बनाए गए करीब 50 से अधिक नेता शपथ लेने नहीं पहुंचे थे। इस मौके पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत राज, नवनीत नीरज, सतपाल सिंह ब्रोका, जावेद रजा, सीता राणा आदि मौजूद थे।