गाजीपुर। में कुछ ही माह बाद विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए रविवार शाम मंत्रीमंडल विस्तार किया गया। सदर से भाजपा विधायक संगीता बलवंत ने भी मंत्री पद की शपथ ली। बता दें कि रविवार दोपहर से ही उनके नाम की चर्चा शुरू हो गई थी, जिसके बाद गाजीपुर में सरगर्मी बढ़ गई। उनके आवास पर समर्थकों की भीड़ जुटने लगी।
भाजपा विधायक संगीता बलवंत का पूरा नाम संगीता बलवंत बिंद है। संगीता बलवंत का जन्म गाजीपुर शहर में ही हुआ। उनके पिता स्व. रामसूरत बिंद रिटायर्ड पोस्टमैन थे। संगीता को छात्र जीवन में पढ़ाई और कविता का शौक रहा है। छात्र जीवन से ही वह राजनीति में सक्रिय हैं।
वो स्थानीय पीजी कॉलेज, गाजीपुर छात्रसंघ की उपाध्यक्ष भी रही हैं। जमानियां क्षेत्र से निर्दल जिला पंचायत सदस्य भी रही हैं। वर्तमान में गाजीपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं। संगीता बलवंत ने जमानियां कस्बा निवासी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ.अवधेश से शादी की है।
2017 में पहली बार विधायक बनीं संगीता बलवंत बिंद पिछड़ी जाति से आती हैं। पूर्वांचल में इस समुदाय के काफी संख्या में मतदाता हैं। संगीता की पहचान जमीन से जुड़े नेताओं के तौर पर होती है। अपने क्षेत्र में वह काफी लोकप्रिय भी हैं। आगामी चुनाव को देखते हुए इनकी भूमिका काफी अहम हो सकती है।
संगीता बलवंत की राजनीतिक करियर की शुरुआत बसपा के साथ हुई थी। 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इन्हें भाजपा में शामिल कराया। कहा जाता है कि मनोज सिन्हा के प्रयासों के कारण संगीता को 2017 विधानसभा चुनाव में सदर विधानससभा से टिकट मिला था।