यूपी। बरेली में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मोहल्ले के युवक ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता मूक-बधिर है। वह मदद के लिए चीख चिल्ला भी नहीं सकी। पीड़िता की मां भीख मांगती है। उसने आरोपी को भागते देखा, तब घटना की जानकारी हुई।
16 साल की मूक-बधिर बेटी को लेकर जोगी नवादा क्षेत्र की रहने वाली महिला सोमवार को एसएसपी दफ्तर पहुंची। महिला ने बताया कि वह भीख मांगकर परिवार पालती है। उसका पति बीमार रहता है। उसकी 16 साल की बेटी है, जो बचपन से ही बोल नहीं सकती।
महिला के मुताबिक 25 मई को वह घर से बाहर गई थी। लौटकर आई तो देखा कि उसकी बेटी घर पर नहीं थी। उसने तलाश किया तो एक बंद मकान में मोहल्ले का एक दबंग युवक उसकी बेटी से दुष्कर्म कर रहा था। उसे देखकर आरोपी भाग गया। बेटी ने इशारे से अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे।
दबंग के डर से वह लोग पुलिस के पास नहीं गए। किसी तरह हिम्मत जुटा कर वह बेटी को लेकर एसएसपी दफ्तर पहुंची। इस मामले में रिपोर्ट लिखाने की मांग की। बारादरी थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए गए हैं।