झांसी| झांसी के सीपरी बाजार इलाके में सुशांत उर्फ प्रिंस की हत्या मामले में हत्यारोपी मामा अमित उर्फ मार्शल की करीब पंद्रह मिनट की कॉल रिकार्डिंग सामने आई है। इसमें वह सुशांत की नानी से फोन पर बात करते हुए सुशांत की हत्या करने की धमकी दे रहा है।
फोन में वह कह रहा है कि डेढ़ सौ रुपये की एक गोली आती है। तीन सौ रुपये की दो गोली लाकर वह सुशांत को गोली से उड़ा देगा। मामले में सीपरी बाजार पुलिस ने रविवार को आरोपी मार्शल एवं उसके एक साथी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
शनिवार सुबह काशीराम पार्क के पीछे मसीहागंज निवासी सुशांत का शव बरामद हुआ था। चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस की पड़ताल में सुशांत के दूर के रिश्ते में मामा लगने वाले मार्शल का नाम सामने आया।
इसके बाद परिजनों ने पंद्रह मिनट लंबी कॉल रिकार्डिंग सार्वजनिक की। इसमें मार्शल सुशांत की नानी को फोन पर धमका रहा था। परिजनों के मुताबिक मार्शल की पत्नी करीब पांच साल पहले उसे छोड़कर जा चुकी है।
इसके बाद से मार्शल की नजर सुशांत की पत्नी पर थी। इस वजह से मार्शल की सुशांत से खुन्नस थी। मार्शल दबंग किस्म का है। उस पर प्रेमनगर एवं सीपरी बाजार थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। सुशांत की पत्नी से उसने कई बार अभद्रता की।
मंगलवार को उसने सुशांत से उसकी पत्नी के बारे में चुभने वाली बात कह डाली। इस बात पर सुशांत और मार्शल के बीच जमकर कहासुनी हुई। इसके बाद ही मार्शल ने सुशांत की नानी को फोन करके उसे मार डालने की धमकी दे डाली। धमकी देने के तीसरे दिन मार्शल ने सुशांत को चाकुओं से गोद डाला।
हत्या के बाद वह अपने दोस्त के साथ भाग निकला। रविवार को सीपरी बाजार प्रभारी संजय शुक्ला की अगुआई में गठित पुलिस टीम ने आरोपी मार्शल और उसके दोस्त युसूफ को पहूज नदी की पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक आरोपी के पास से चाकू भी बरामद करके उसे जेल भेज दिया गया है।