पानीपत। रोडवेज ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई रूटों पर बसों की संख्या बढ़ा दी है। हरिद्वार के लिए बसों की मांग को देखते हुए सबसे अधिक 46 बसें चलाई गईं हैं। इस रूट पर सुबह पांच बजे से रात पौने 10 बजे तक भी बस मिलेंगी। साथ ही रोडवेज ने बसों की समय सारिणी में भी बदलाव किया है। बसों के समय बदलाव को यात्रियों के हित में बताया गया है।
स्थानीय रोडवेज डिपो के बेड़े में 60 नई बसें शामिल हुई हैं। इनमें से 46 बसों के संचालन को झंडी मिल गई है। इनके आने के बाद निदेशालय ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के रूटों पर बड़ा फेरबदल किया है। इसका प्रमुख कारण गर्मी भी बताया जा रहा है। ऐसे में रोडवेज ने अलसुबह व देर रात तक बसों की सेवा शुरू की है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार पानीपत से मुजफ्फरनगर के लिए 30, बिजनौर के लिए 12, सहारनपुर के लिए 10 देहरादून के लिए छह, मुरादाबाद और मेरठ के लिए चार-चार, काठगोदाम के लिए तीन, ऋषिकेश, रुद्रपुर, कोटद्वार व लखनऊ के लिए दो-दो बसें चलाई जाएंगी। कोटद्वार के लिए सुबह 6:10 बजे, बरेली 9:52, टनकपुर 10:04, नैनीताल 10:28, हल्द्वानी 10:52 और बदायूं के लिए 16:40 बजे हर रोज एक बस रवाना होगी। इस रूट प्लान में स्थानीय डिपो के अलावा अन्य डिपो की बसें भी शामिल हैं। निदेशालय से 15 दिनों के भीतर उक्त रूट प्लान को लागू करने के आदेश मिले हैं।
पानीपत से हरिद्वार के लिए पहली बस सुबह 5:10 बजे डिपो से रवाना होगी। दूसरी बस 5:46 बजे रवाना होगी। इसके बाद हर 15 से 20 मिनट में एक बस रवाना होगी। डिपो से शाम को पांच बजे अंतिम बस जाती थी। अब शाम सात बजे, सवा आठ, सवा नौ बजे और अंतिम बस 9:45 बजे हरिद्वार जाएगी।
पानीपत से मुजफ्फरनगर रूट सबसे कमाई वाला माना जाता है। यहां सुबह 5:30 बजे पहली बस रवाना होगी। इसके बाद दूसरी बस 5:40 बजे जाएगी। सुबह के समय इस रूट पर भी हर 10 से 20 मिनट में बसें रवाना होंगी। दिन के समय इस रूट पर बसों में आधे घंटे का अंतराल रखा गया है। शाम को भी इसी तरह बसों को रवाना किया जाएगा। शाम को सवा पांच से साढ़े पांच बजे के बीच 20 मिनट में चार बसों को रवाना किया जाएगा। इस रूट पर 30 बसें चलेंगी।
पानीपत से बिजनौर के लिए सुबह 5:52 बजे पहली बस रवाना होगी। इसके बाद 6:34 बजे, 7:04 बजे, 7:58 बजे, 9:16 बजे, 10:22 बजे, 11:28 बजे, 12:04 बजे, 12:46 बजे, 13:46 बजे, 14:52 बजे, 16:34 बजे तक 12 बसें भेजी जाएंगी। वहीं सहारनपुर के लिए सुबह 9:10 बजे से 9:34 बजे, 10:16 बजे, 11:34 बजे, 12:10 बजे, 13:16 बजे, 13:40 बजे, 14:46 बजे, 15:34 बजे व 16:46 बजे तक बस चलेगी।
अन्य रूटों की समय सारिणी-
ऋषिकेश – 11:40 बजे, 14:16 बजे।
रुद्रपुर – 5:20 बजे, 8:34 बजे।
लखनऊ – 13:34 बजे, 16:28 बजे।
काठगोदाम – 7:28 बजे, 8:46 बजे, 15:52 बजे।
मुरादाबाद – 4 बजे, 4:30 बजे, 13:52 बजे, 14:40 बजे,
मेरठ – 6:40 बजे, 10:34 बजे, 12:16 बजे, 12:58 बजे, 15:46 बजे।
देहरादून – 6:28 बजे, 6:52 बजे, 7:10 बजे, 8:04 बजे, 11:16 बजे, 16:04 बजे।
निदेशालय से मिली समय सारिणी के हिसाब से बसों का संचालन लागू है। किसी भी रूट पर यात्रियों की संख्या या मांग के हिसाब से बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।