चक्रवाती तूफान का असर अभी पश्चिमी यूपी में जारी है। मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। धूप के दिनभर दर्शन नहीं हुए। हालांकि, देर रात दो बजे बूंदाबांदी हुई।
वहीं शनिवार सुबह हालांकि तेज धूप निकली लेकिन 10 बजे के बाद से आसमान पर फिर से बादल छा गए और एक घंटे बाद ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
दोपहर के समय में चली हवाओं ने गर्मी से थोड़ी राहत दी। लेकिन, शाम ढलते ही हवा मंद पड़ गई और फिर से उमस ने परेशान किया। लोगों के पसीने छूटते रहे। वहीं रात दो बजे हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। वहीं शनिवार सुबह से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिला। बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अगले पांच दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 119 दर्ज किया गया। जयभीमनगर में 122, गंगानगर में 125 व पल्लवपुरम में 116 दर्ज किया गया।