लखनऊ| राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज इलाके के एक गांव में रहने वाली 15 साल की किशोरी से अधेड़ ने दुष्कर्म किया। आरोप है कि दस महीने तक उसे डरा-धमकाकर दुष्कर्म करता रहा। इसके कारण किशोरी के छह महीने का गर्भ ठहर गया। बृहस्पतिवार को पीड़िता की बड़ी बहन ससुराल से आई तो मामले की जानकारी हुई। शुक्रवार शाम को उसने थाने में केस दर्ज कराया।

इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, उन्नाव निवासी एक महिला ने बताया कि गोसाईंगंज में उसका मायका है। यहां बुजुर्ग मां के अलावा दो भाई और 15 साल वर्षीय बहन है। करीब दस माह पहले गांव के ही 50 साल के गौतम ने उसकी नाबालिग बहन के साथ दुष्कर्म किया। मां व भाइयों के खेत पर जाने के बाद बहन घर पर अकेली रहती थी।

इस दौरान आरोपी घर आकर बहन के साथ गंदा काम करता था। आरोप है कि पीड़िता को सौ रुपये का नोट जबरदस्ती पकड़ा देता था। धमकी देता था कि अगर किसी को बताया तो परिवार को जान से मार देगा। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई।

आरोपी गौतम गर्भपात के लिए दबाव बना रहा था। बृहस्पतिवार को जब इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो केस दर्ज कराया। आरोपी की तलाश में पुलिस गांव गई थी, लेकिन गौतम फरार है।
और पढ़ें…