लखीमपुर खीरी। में रविवार को मचे बवाल के बाद आज विरोध प्रदर्शन करने जा रही प्रियंका गांधी को गिरफ्तार किए जाने के बाद अब अखिलेश यादव को भी हिरासत में लिए जाने का समाचार है। जयंत चौधरी को भी हापुड में रोके जाने का प्रयास किया गया, मगर बताया जा रहा है कि वह अपने समर्थकों के साथ बैरिकेट तोड आगे बढ गए।

कृषि कानूनों और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी का विरोध कर रहे किसानों और मंत्री के बेटे के बीच रविवार को हिंसक टकराव में आठ लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। सियासी उबाल के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लखीमपुर जाने के लिए निकली लेकिन उन्हें सीतापुर के हरगांव में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अखिलेश यादव को भी लखनऊ में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। आप नेता संजय सिंह को भी सीतापुर में रोक लिया गया। भीम आर्मी चीफ चन्द्र शेखर आजाद को भी सीतापुर में टोल प्लाजा से हिरासत में ले लिया गया।

प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में रविवार को हुई हिंसा के मामले में बडी कार्यवाही की खबर सामने आ रही है। इस मामले में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा के बाद केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या और गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आशीष मिश्र मोनू और 15-20 अज्ञात के खिलाफ दफा 147, 148, 149, 302, 130 बी, 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।