फिरोजाबाद| उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मंगलवार की दोपहर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मुंह में कपड़ा ठूंसकर शरीर को चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव खेत पर पड़ा मिला। घर वालों को जानकारी हुई तो चीखते हुई मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौका मुआयना करके घटना की जानकारी ली।
घटना जसराना थाना क्षेत्र के कटरई नगला मान सिंह गांव की है। गांव निवासी हरिश्चंद्र की पत्नी कुसुमलता पास के ही गांव नगला कैंकन स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत थीं। मंगलवार की दोपहर एक बजे छुट्टी होने के बाद वह केंद्र से अपने घर जाने के लिए निकली थी। लेकिन काफी समय तक वह घर पहुंची। इसी बीच खून से लथपथ कुसुमलता का शव बाजरे के खेत में पड़ा मिला।
ग्रामीणों ने देखा तो इसकी सूचना गांव में अन्य लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ लग गई। खबर मिली तो परिजन भी रोते बिलखते पहुंच गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ राजवीर सिंह, थाना प्रभारी महेश सिंह पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौजूद लोगों से बात करके घटना की जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
महिला के पति हरिश्चंद्र ने बताया कि महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया। पहचान मिटाने को उसके मुंह को कुचला गया। इसके बाद शरीर पर धारदार हथियार से वार किए गए। महिला की बेरहमी से हत्या की गई है। एसपी सिटी सर्वेश मिश्रा ने कहा महिला की निर्ममता से हत्या की गई है। हत्या के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। घटनास्थल पर कुछ साक्ष्य मिले हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।