उन्नाव| उन्नाव जिले में बांगरमऊ के न्यूकटरा मोहल्ले में अधेड़ की हत्या करके शव को घर के कमरे में छिपा दिया। शव को ठिकाने लगाने से पहले उसकी पहचान मिटाने के लिए उस पर केमिकल डालकर जलाया। शव सड़ने की दुर्गंध आने पर मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाल पहुंचे, तो एक अधेड़ का अधजला शव मिला। पास में ही मकान मालिक सहित दो युवक नशे में धुत पड़े थे।

सूचना पर सीओ ने फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया। शव किसका है और हत्या क्यों की इसकी जानकारी के लिए पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। न्यू कटरा मोहल्ला निवासी संतोष कनौजिया के घर में करीब (55) वर्षीय अधेड़ की हत्या कर आधा शव जला दिया गया। आरोपी के घर से सोमवार को दुर्गंध आई, तो मोहल्लेवासी कुछ भी समझ नहीं पाए।

मंगलवार को उसी घर से तेज दुर्गंध और मांस जलने की दुर्गंध आने लगी, तो शक गहरा गया और पुलिस को घटना की सूचना दी। कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह पहुंचे और नजारा देख दंग रह गए। अधेड़ का किसी केमिकल से जलाया गया अधजला शव जमीन पर पड़ा था। पास में मकान मालिक संतोष कनौजिया और नगर के मोहल्ला मुन्नूमियां तलइया निवासी शेरू नशे में धुत पड़े थे।

सीओ विजय आनंद फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और जांच की। फोरेंसिक टीम ने मौके से छोटा गैस सिलिंडर, सफेद कपड़ा, चिलम, नशे की गोली बरामद की है। मृतक के शरीर पर कोई केमिकल या तेजाब डाले जाने का शक है। पुलिस हत्यारोपियों को कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है। सीओ विजय आनंद ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ चल रही है।

मकान मालिक व आरोपी संतोष बड़ा नशेबाज है। उसने नशे की हालत में 10 दिन पहले अपनी वृद्ध मां सूरजा को भी मारा था। इससे वह घायल हो गई थीं। पुरहनिया गांव निवासी बटाइदार छोटे की सूचना पर बड़ी बेटी गीता उसे दिल्ली लेकर चली गई थी। वहीं संतोष की पत्नी मंजू और एक बहन भी दिल्ली में ही रहती है। वहीं कपड़ों में प्रेस करने का काम करती है।

रात को पुलिस इस मोहल्ले में गश्त भी करती है। इसके बाद भी पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। दुर्गंध आने के बाद लोगों ने जानकारी दी तब पुलिस पहुंची। शव तीन से चार दिन पुराना होने का अनुमान है। शरीर के कई हिस्सों में कीड़े भी पड़े हैं। दुर्गंध के कारण पुलिस भी मास्क लगाकर भीतर पहुंची थी। पूछताछ में संतोष ने बताया कि शव मां का है।

इस पर पुलिस सकते में आई और दोबारा शव की फोरेंसिक टीम से जांच कराई। पुलिस ने दिल्ली में रहने वाली मृतका की बहन को फोन किया, तो मां के जीवित होने की जानकारी दी। फोन पर मां से बात भी कराई। अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह ने बताया कि मकान मालिक व उसका साथी दोनों काफी नशे में हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है। देर रात तक कुछ स्पाष्ट होने की संभावना है।

घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को दो आधार कार्ड भी पड़े मिले हैं। इसमें एक गोपीचंद हाउस अमरनगर फरीदाबाद निवासी प्रकाश का है। जबकि दूसरा दिल्ली के संगम विहार हमदर्द नगर के ब्लॉक आई टू निवासी विशाल का है। इन दोनों के आधार कार्ड यहां कैसे आए इसकी पुलिस जांच कर रही है।

इस मकान में अधेड़ की हत्या कर शव जलाने के प्रयास की यह पहली घटना नहीं है। इसके पहले मकान मालिक संतोष कनौजिया की बहन लक्ष्मी ने 18 साल पहले आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। एक साल पहले बेटे विशाल ने भी फंदे से लटक कर आत्महत्या की थी। चर्चा है कि संतोष की प्रताड़ना से ही यह सभी घटनाएं हुईं। इस घर में यह तीसरी घटना है।

मकान मालिक संतोष नशे का आदी है। मोहल्ले वालों की मानें तो 10 दिन पहले उसने वृद्ध मां सूरजा की नशे की हालत में पिटाई कर दी थी। पुरहनिया गांव निवासी बंटाइदार छोटे की सूचना पर बेटी गीता अपनी मां सूरजा को घायल अवस्था में दिल्ली ले गई थी। वहीं, संतोष की पत्नी मंजू और एक बहन भी दिल्ली में ही रहती है। वहीं कपड़ों में प्रेस करने का काम करती है।