मणिपुर में एक छात्र और एक छात्रा की हत्या के मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने रविवार को इसकी जानकारी दी है। आपको बता दें कि इस घटना के कारण पिछले सप्ताह मणिपुर में फिर हिंसक विरोध प्रदर्शन हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मामले में दोषियों के लिए मौत की सजा समेत अधिकतम सजा सुनिश्चित कराएगी। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी की पत्नी सहित चारों को एक विशेष उड़ान से राज्य के बाहर ले जाया गया है।

की पहचान पाओमिनलुन हाओकिप, माल्सावन हाओकिप, ल्हिंगनेइचोंग बाइटे और तिन्नीखोल के रूप में हुई है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि ल्हिंगनेइचोंग बाइटे उस छात्रा का दोस्त था, जिसकी हत्या कर दी गई थी। सूत्रों ने बताया कि संदिग्धों में से एक कथित तौर पर चुराचांदपुर स्थित एक विद्रोही समूह के सदस्य की पत्नी है।

मणिपुर पुलिस और भारतीय सेना की एक क्रैक यूनिट ने एक संयुक्त अभियान में इंफाल से 51 किमी दूर पहाड़ी जिले चुराचांदपुर से संदिग्धों को पकड़ा। यहां 3 मई को जातीय हिंसा शुरू हुई थी।

मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों ने कहा कि मामले के सिलसिले में 11 और नौ साल की दो लड़कियों को हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। दोनों मुख्य आरोपी की बेटियां हैं। बीरेन सिंह ने कहा कि दो युवकों की हत्या के आरोप में सीबीआई ने चूराचांदपुर जिले के हेंगलेप इलाके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्हें विशेष विमान के जरिये राज्य से बाहर ले जाया गया है।