मेरठ। लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने में अब कुछ ही महीनों का समय शेष है, ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को मजबूत करना शुरु कर दिया है। राष्ट्रीय लोकदल ने भी लोकसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीटों पर जीत हासिल करने के लिए बडी रणनीति बनाई है। जयंत चौधरी वेस्ट यूपी के 75 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे।

लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। भाजपा के दिग्गज नेता जहां पार्षदों को जीत का मंत्र बता रहे हैं, तो वहीं रालोद पश्चिमी यूपी के वोटरों को लुभाने की पुरजोर कोशिश में लगा है।

इसके लिए खुद रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह 75 विधानसभाओं में जाकर संदेश यात्रा के माध्यम से युवाओं से संवाद करेंगे और पार्टी का प्रचार करेंगे। इसके लिए तारीख तय हो गई है।

लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। हाल ही में भाजपा ने अनुसूचित वर्ग के वोटरों को साधने के लिए अनुसूचित बस्ती में संपर्क अभियान चलाया था, वहीं अब राष्ट्रीय लोकदल ने भी पश्चिम में वोटरों को साधने की तैयारी शुरू कर दी है।

पश्चिम यूपी में पहली बार चौधरी चरण सिंह संदेश रथ यात्रा निकाली जाएगी। जो सहारनपुर से लेकर मुरादाबाद और अलीगढ़ समेत करीब 75 विधानसभा से निकलेगी। रथयात्रा के माध्यम से खासकर युवा वोटरों को जोड़ा जाएगा, उन्हें चौधरी चरण सिंह की विचारधारा से प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए 21 नवंबर की तारीख फाइनल की गई है।

राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के रास्ट्रीय अध्यक्ष नीरपाल सिंह ने कहा कि रालोद की ओर से 21 नवंबर से चौधरी चरण सिंह संदेश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ सहारनपुर से होगा। वहां से होते हुए संदेश यात्रा शामली, बड़ौत, बागपत, लोनी, गाजियाबाद, मोदीनगर, मेरठ, बिजनोर, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़, बुलंदशहर, आगरा, हाथरस, गौतमबुद्ध नगर आदि जगह होते हुए 23 दिसंबर को दिल्ली किसान घाट पर समाप्त होगी।

यात्रा के दौरान चौधरी चरण सिंह के अनुयायियों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। 2024 लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर यह तैयारी की गई है। इसके लिए संगठन को भी मजबूत किया जा रहा है। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर मिनी ओलंपिक का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश, देश से भी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जल्द ही इसकी तिथि घोषित की जाएगी।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने 2024 की तैयारी को लेकर कहा कि पार्टी चुनाव की तैयारी कर रही है। 15 लोकसभा सीटों पर तैयारी की जा रही है।