शाहजहांपुर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में टिकटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस के साथ अखिलेश यादव की नाराजगी खुलकर सामने आई है। अखिलेश ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस ने सपा के साथ एमपी चुनाव में व्यवहार किया है दिल्ली के गठबंधन के साथ सपा भी यही व्यवहार करेगी।
शाहजहांपुर में सपा के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस ने सपा को मध्यप्रदेश में धोखा दिया है। अब सपा भी दिल्ली में कांग्रेस के साथ वैसा ही व्यवहार करेगी।
शाहजहांपुर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने छह सीटों को छोड़ने का आश्वासन दिया था लेकिन एक भी सीट नहीं छोड़ी। मजबूरी में सपा अपने मजबूत प्रत्याशियों को इन सीट पर उतारेगी।
अखिलेश ने संकेत दिए कि दिल्ली के गठबंधन पर सपा भी यही व्यवहार करेगी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्व मंत्री आजम खां और उनके परिवार को साजिश के तहत फंसाया गया है। हमें न्यायालय से उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने मध्य प्रदेश चुनाव में गठबंधन के तहत कांग्रेस से सीट न मिलने पर भी असंतोष जताया।
अखिलेश यादव ने कन्नौज की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के सांसद ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की लेकिन कुछ नहीं हुआ। बाद में पुलिसकर्मी ही कहने लगे कि उनके साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं हुआ।