लखनऊ। तीन राज्यों में मिली प्रचंड जीत के साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने आधी आबादी पर ध्यान केंद्रित किया है। इसी क्रम में रविवार को आठ राज्यों की भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों का जमावड़ा लखनऊ में होने जा रहा है। लोकसभा चुनाव को देखते हुए महिला पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों के नजरिए से खास प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित किया गया है। सांसद राज्यसभा व प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा गीता शाक्य इस प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता करेंगी। आठ राज्यों की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री और संयोजिकाएं इस प्रशिक्षण में शामिल होंगी। उत्तर प्रदेश ,मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ ,बिहार, झारखंड ,उड़ीसा और पश्चिम बंगाल की महिला पदाधिकारी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगी।
मध्य प्रदेश ,छत्तीसगढ़ ,राजस्थान में भाजपा की जीत के बाद भाजपा की महिला पदाधिकारियों का उत्साह बढ़ा हुआ है। आधी आबादी के वोटिंग पैटर्न को ध्यान में रखते हुए पार्टी अन्य गतिविधियों का विश्लेषण कर रही है इसी के तहत आठ राज्यों की महिला पदाधिकारियों की यह कार्यशाला आहूत की गई है।
कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को बूथ स्तर तक जिम्मेदारी सौंपना और पदाधिकारीयों को आधी आबादी से संबंधों को और विकसित कर किस प्रकार लोकसभा चुनाव में भाजपा की अविश्वसनीय जीत दर्ज की जाए इससे संबंधित निर्देश दिए जाएंगे।