मेरठ। शुक्रवार देर शाम रोहटा रोड निवासी एक छात्रा को कंकरखेड़ा के मारवीस व रोहित राणा पिस्टल के बल पर कार में अपहरण कर ले गए। छात्रा के परिजनों ने दोनों को नामजद करते हुए टीपी नगर थाने में रात को ही मुकदमा दर्ज कराया था। टीपी नगर इंस्पेक्टर विवेक शर्मा ने छात्रा की बरामदगी के लिए दो दरोगा व पांच सिपाहियों की टीम तैयार की।
इसके बाद आरोपी दोनों युवकों की कॉल डिटेल खंगाली गई। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले। दोनों युवकों के नंबरों को सर्विलांस पर लगाया। सुराग लगा तो टीपी नगर पुलिस ने मात्र पांच घंटे में ही छात्रा को मुजफ्फरनगर से बरामद कर लिया।
छात्रा ने बताया कि दोनों युवक उसे पिस्टल के बल पर कवर कर ले गए थे। पुलिस ने छात्रा के बयान नोट कर उसका मेडिकल कराया। इसके बाद उसके कोर्ट में बयान कराए। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए हवालात में डाल दिया। इंस्पेक्टर टीपी नगर विवेक शर्मा का कहना है कि छात्रा को पुलिस ने पांच घंटे में बरामद कर दिया। दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया गया है।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि शुक्रवार शाम वह घर के पास ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। रास्ते में ही उसे दोनों आरोपी मिल गए। उसे पिस्टल दिखाकर आतंकित किया और जबरन कार में डाल लिया। उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद वह उसे मुजफ्फरनगर स्थित एक स्थान पर ले गए।
सर्विलांस से जानकारी मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों के परिजनों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उनसे आरापियों की लोकेशन पता की। बाद में दबिश देकर पुलिस ने लड़की को सकुशल बरामद कर लिया