मेरठ। बदमाशों की गोली लगने से घायल हुए दरोगा मुन्नेश सिंह का गाजियाबाद के मैक्स अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, सपा विधायक अतुल प्रधान ने बुधवार सुबह अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट डाली, जिसमें दरोगा का निधन होने की बात लिखी गई। वहीं, उनकी इस फेसबुक पोस्ट से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया के माध्यम से मामला लखनऊ तक भी पहुंच गया।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने साइबर सेल से रिपोर्ट मांगी है। साथ ही कहा कि विधायक अतुल प्रधान से जवाब मांगा जाएगा। बताया गया कि विधायक अतुल प्रधान की फेसबुक आईडी से दरोगा की मौत की खबर चलाए जाने के बाद कंकरखेड़ा थाने में पुलिसकर्मी एकत्र हो गए। सूचना से लखनऊ तक हड़कंप मच गया।
वहीं, मैक्स अस्पताल से मुन्नेश सिंह का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वो हॉस्पिटल कैंपस में घूम रहे हैं। अस्पताल में उनके साथ सीओ दौराला और परिवार के लोग मौजूद हैं। कंकरखेड़ा में सेंट्रो लूटने के बाद बदमाशों ने चौकी इंचार्ज मुन्नेश को सीने में गोली मारी थी। पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। घटना के 48 घंटे बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं लगा है।
विधायक अतुल प्रधान ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा कि कंकरखेड़ा थाना स्थित हाईवे पर कल सुबह (मंगलवार) को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। फायरिंग के दौरान गोली लगने से घायल हुए चौकी इंचार्ज मन्नेश गुर्जर का आज सुबह निधन होने का दु:खद समाचार प्राप्त। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और हम सबको इस असहनीय पीड़ा को सहने करने की हिम्मत दे।