मेरठ। जनपद के मोदीपुरम में पल्लवपुरम थाने पर सोमवार देर रात एक शिक्षिका ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया है। युवक शादी का झांसा देकर तीन साल से दुष्कर्म कर रहा था। आरोप है कि कई बार शिक्षिका को मारने का भी प्रयास किया। पुलिस ने देर रात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और एससी-एसटी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

महानगर के जागृति विहार निवासी एक शिक्षिका पल्लवपुरम फेज-टू में रहती है। वह वर्तमान में मुजफ्फरनगर के शाहपुर ब्लॉक क्षेत्र में एक प्राइमरी स्कूल में टीचर है। शिक्षिका के पति की वर्ष 2013 में मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद जागृति विहार स्थित उनके आवास पर अमरोहा निवासी गौरव चौधरी किराए के मकान पर रहता था। वहां पर दोनों में बातचीत हो गई और गौरव पल्लवपुरम स्थित शिक्षिका के मकान पर रहने लगा। तीन साल से वह शादी का झांसा दे रहा था। शिक्षिका का आरोप है कि आरोपी युवक ने उसे कई बार जान से मारने का भी प्रयास किया। साथ ही जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़ित शिक्षिका की तहरीर पर पल्लवपुरम पुलिस ने सोमवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

कंकरखेड़ा से संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा लापता
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र से एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा सुबह के समय कॉलेज के लिए गई थी। लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के सरधना रोड स्थित एक गांव निवासी छात्रा सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा सुबह के समय कॉलेज के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक छात्रा वापस नहीं आई और फोन भी बंद मिला। रात तक छात्रा का सुराग नहीं लगा। परिजनों ने पड़ोसी युवक के खिलाफ आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी युवक ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। कंकरखेड़ा कार्यवाहक थानाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है। छात्रा की तलाश की जाएगी।