नई दिल्ली। हरियाणा में शुक्रवार को पुलिस और किसानों के बीच झड़प देखने को मिली। किसान भाजपा और जेजेपी का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में कुछ प्रदर्शनकारियों ने भाजपासांसद रामचंद्र गांगड़ा की कार पर हमला कर दिया। उनकी कार के शीशे टूट गए। जिसके बाद पुलिस ने भी किसानों पर लाठीचार्ज कर दिया। अब राकेश टिकैत ने इसपर कहा है कि यह तो संघर्ष है। यह सब चलता रही रहेगा।

टिकैत ने कहा, देश का किसान आंदोलन छोड़कर कहीं नहीं जाएगा। अगर पांच साल तक सरकार चल सकती है तो यह जनता का आंदोलन है और यह भी तब तक चलेगा जब तक एमएसपी की गारंटी पर कानून नहीं बनेगा। टिकैत ने यह भी कहा कि टेंट फट गए हैं इसलिए 26 तारीख से रिपेयरिंग का काम शुरू किया जाएगा। टिकैत से पूछा गया कि सरकार कह रही है कि हरियाणा में किसानों में रोष नहीं है। इसपर टिकैत ने जवाब दिया, चंडीगढ़ से बाहर निकलकर देखो रोष पता चल जाएगा।

बताया गया कि हरियाणा में हिंसा के दौरान कई भाजपा नेता मंदिर में छिपे हुए थे। बाद में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने किसानों से माफी मांगी। तब जाकर मामला सुलझा। किसानों का आरोप है कि पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।

राकेश टिकैत ने पीएम मोदी की केदारनाथ यात्रा पर भी कहा कि उन्हें मंदिर के कपाट बंद होते के समय वहां नहीं जाना चाहिए था। टिकैत ने कहा कि अगर कोई राजा ऐसा करता है तो उस देश में भुखमरी और अकाल पड़ता है। इसलिए मोदी को तब जाना चाहिए था जब मंदिर के कपाट खोले जाने हों।