बेतिया में दक्षिण तेल्हुआ के वार्ड नं. तीन में चचेरे भाई धनीलाल राम (35) व मदन राम (50) की मौत जहरीली शराब पीने से हो गयी। मदन राम की बड़ी बेटी निशा कुमारी की शादी तय हो चुकी थी।

मदन का शव अस्पताल से शुक्रवार को गोर्बधन पूजा के दिन घर पहुंचने वाला था। आज के दिन ही मदन राम अपनी बड़ी बेटी निशा की शादी का दिन उतारने वाले थे। लेकिन नशे के कारण शादी की खुशियां मातम में बदल गयी। बेटी की डोली की जगह मदन राम की अर्थी उठाने की तैयारी हो रही थी। आसपास की महिलाएं व पुरूष मदन राम की पत्नी अनिता देवी को चुप कराने में लगे थे। मदन को तीन बेटियां निशा कुमारी, अंजली कुमारी, गुडिया कुमारी तथा एक पुत्र अंशु कुमार है। चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ चुका है। घर की माली हालत अच्छी नहीं है। बच्चों की शादी व पढ़ाई कैसे पूरी होगी। यह समय ही बताएगा।

नौतन। जहरीली शराब का सेवन लोगों ने वार्ड नं. तीन के रामप्रकाश राम व मुन्न राम के घर किया था। जिससे इस वार्ड के वार्ड सचिव ठग पासवान के साथ-साथ मुकेश पासवान, मंगनी राम, सिकंदर राम, धनीलाल राम, मदन राम, विकास राम उर्फ विकाऊ राम, रामप्रकाश राम तथा उमाशंकर साह की मौत हो गयी। एक टोले से नौ लोगों की अर्थियां उठी। पूरे गांव का माहौल गमगीन था। शुक्रवार की दोपहर तक अधिकांश घरों के चूल्हे नहीं जले थे। दिपावली के दिन भी मृतकों के घराें के साथ-साथ पूरे टोले में पुआ-पकवान नहीं बना।

अधिकांश मृतक प्रवासी मजदूर ही है। जो अपने परिवार की जीविका चलाने के लिए दूसरे राज्यों में काम करने गए थे। लेकिन अपने परिवार के साथ दिपावली व छठ मनाने के लिए घर लौटे थे। लेकिन इस बार उनके पीछे-पीछे उनकी मौत भी आयी थी। जो उन्हें खींच कर अपने टोले के शराब कारोबारियों को यहां लेकर चली गयी।