नई दिल्ली, पीटीआइ। देश की राजधानी दिल्ली व एनसीआर में वायु प्रदूषण के चलते धुंध छाई हुई है। शनिवार को दिल्ली की हवा का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 499 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है। दिल्ली के ऐतिहासिक स्मारक लाल किला और जामा मस्जिद समेत कई अन्य महत्वपूर्ण इमारतें धुंध में सराबोर हो गईं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में ठंड ने भी दस्तक दे दी है। इसके साथ ही अभी देश के कई राज्यों में बारिश के आसार बने हुए हैं। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले सप्ताह मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दक्षिण अंडमान सागर और इससे सटे थाईलैंड तट पर एक ताजा निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है, जो आगे चलकर गहरे दबाव में बदल सकता है।

मणिपुर में असम रायफल के काफि‍ले पर हमला, पांच जवान शहीद, CO की पत्नी और बेटे की भी मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक, जानें क्‍या कहा

65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार सोमवार तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश का अनुमान है। बुधवार को दक्षिण-तटीय ओडिशा के गंजम और गजपति में बारिश हो सकती है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तटीय आंध्र प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना बनी हुई है। कई छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बुधवार से आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों पर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना बनी हुई है।

मछुआरों को समुद्री तटों से दूर रहने की सलाह
मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे सोमवार तक अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में न जाएं क्योंकि समुद्र की स्थिति बहुत खराब हो सकती है। बारिश की चेतावनी के चलते मछुआरों को बुधवार और गुरुवार को आंध्र प्रदेश एवं दक्षिण ओडिशा के तटों से दूर रहने को कहा गया है।