मेरठ।    सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम के घर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के खिलाफ गंभीर आरोपों वाले पर्चे बांटे जाने के मामले में पुलिस को गुरुवार को कई वीडियो मिल गए। इसमें संगीत सोम का पीए चंद्रशेखर उनको मीडिया के सामने एक पर्चा दे रहा है। पुलिस ने पीए को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। उसने कहा कि संगीत सोम ने गाड़ी से कागज मंगाया था, उसने वह ले जाकर दिया था।

मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से चुनाव हारने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने प्रेस कांफ्रेंस बुलाई थी। इसके जवाब में संगीत सोम ने मंगलवार को अपने आवास पर दोपहर एक बजे प्रेस कांफ्रेंस बुलाई। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान संजीव बालियान के खिलाफ गंभीर आरोपों वाले पर्चे सभी मीडियाकर्मियों को बांटे गए। इस मामले में शाम को संगीत सोम के पीए चंद्रशेखर की तरफ से लालकुर्ती थाने में तहरीर दी गई कि ये पर्चे कोई विपक्षी बांट गया।

पुलिस ने इस मामले में वीडियो फुटेज जुटाई तो इस दौरान चंद्रशेखर संगीत सोम को पर्चा देते नजर आ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक ये दो पेज का पर्चा है। पुलिस ने गुरुवार को चंद्रशेखर को पूछताछ के लिए थाने बुला लिया। संगीत सोम को जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इसमें एनएसजी कमांडो समेत 22 सुरक्षाकर्मी रहते हैं। इतनी सिक्योरिटी के बीच संगीत सोम के आवास पर उनके सामने ही प्रेस कांफ्रेंस में कोई बाहरी कैसे पर्चे बांट सकता है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि कई तथ्यों की जांच की रही है।

पूरे प्रकरण में शासन ने खुफिया विभाग से भी रिपोर्ट मांग ली है। खुफिया विभाग की तरफ से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सोम के पीए चंद्रशेखर की वीडियो भी शासन को भेजी है। इस मामले में पुलिस बेहद संजीदगी से जांच में जुटी है। संजीव खरडू ने संगीत सोम की संपत्ति की जांच की मांग की है। सोम ने जिस संजीव खरडू पर संजीव बालियान को जमीन खरीदवाने का आरोप लगाया था, उन्होंने वीडियो जारी करके आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि संगीत सोम ने हिमाचल में शराब का कारोबार कर और लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज करके इतनी संपत्ति अर्जित की है।

लालकुर्ती थाना प्रभारी इंदु वर्मा से पूर्व विधायक संगीत सोम ने फोन पर बात की। इंदु वर्मा के मुताबिक संगीत सोम ने रिपोर्ट दर्ज करने को कहा। उनको बताया गया कि धोखाधड़ी की रिपोर्ट बिना जांच के नहीं होती है।