बिजनौर। रामगंगा बांध प्रशासन ने मानसून से पूर्व उत्तर प्रदेश के सात जनपदों को बाढ़ चेतावनी जारी की है। बांध प्रशासन ने सातों जनपदों बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद और अमरोहा के जिला अधिकारियों को बाढ़ चेतावनी का पत्र जारी किया है। मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, कानपुर के आयुक्तों को भी पत्र भेजा है। कालागढ़ के रामगंगा बांध से प्रतिवर्ष मानसून से पहले रामगंगा नदी के बहाव क्षेत्र में बाढ़ से बचाव के लिए बाढ़ चेतावनी जारी की जाती है। अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार के अनुसार बांध से पानी की निकासी के समय शायद इतना समय न मिले की बहाव क्षेत्र को खाली कराया जा सके। इसलिए प्रभावी कार्रवाई समय से की जानी आवश्यक है।

इसके लिए उत्तर प्रदेश के चार आयुक्त मेरठ, बरेली, मुरादाबाद व कानपुर के अलावा बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद व अमरोहा के जिलाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। बांध का जलस्तर 355 मीटर होने के बाद ही पानी की निकासी बांध से वर्षाकाल में की जाएगी। इसकी सूचना बांध से पहले जारी की जाएगी। वर्तमान में बांध के जलाशय का जलस्तर 338 मीटर है। बांध से निम्न बाढ़ में 25000 से 75000, मध्यम बाढ़ में 75000 से 125000, उच्च बाढ़ में 125000 से 175000 तथा अंकन बाढ़ की स्थिति में 175000 क्यूसेक से अधिक पानी की निकासी की जा सकती है।

रामगंगा बांध से 1978, 1990, 1998 व 2000 में बांध को भरा गया था। 2010 में बांध से दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी नदी में छोड़ा गया था। इससे मैदानी क्षेत्र में बाढ़ की आ गई थी। वर्तमान में ऐसी समस्या न हो, इससे बचाव के लिए बाढ़ चेतावनी आवश्यक है। अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार के मुताबिक बांध के निर्माण के बाद से नदी के बहाव क्षेत्र में आबादी का विस्तार हो गया है। नदी के तलहटी क्षेत्र में खेती करके अवरोध उत्पन्न किया हुआ है। बांध से पानी की निकासी होने पर इस क्षेत्र को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए पहले ही बहाव क्षेत्र को खाली करा लिया जाए तो उचित है।