मेरठ।   कंकरखेड़ा लाला मोहम्मदपुर में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। शख्स ने शादी के 20 साल बाद अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। उसने अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ कई वार किए। पत्नी अपनी जान बचाने कोशिश करती लेकिन अनगिनत वार होते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। सुबह जब बच्चे उठे तो उन्होंने आंगन में देखा कि मां लहूलुहान जमीन पर पड़ी थी और पिता कुल्हाड़ी फेंककर घर से फरार हो गया। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी पति और ससुराल वाले फरार हो गए। मंगलवार तड़के पांच बजे घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। मृतका के भाई ने पति समेत उसके परिवार के पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र में हाईवे से लगा हुआ एक गांव है लाला मोहम्मदपुर। यहां रहने वाला मौसम मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। मौसम का निकाह 20 साल पहले नंगलाताशी निवासी फरजाना के साथ हुआ था। दोनों के छह बच्चे हुए। सबसे बड़ी बेटी की सात महीने पहले ही शादी की थी। मौसम मजदूरी करता था और फरजाना घर और बच्चों की जिम्मेदारी संभालती थी लेकिन आखिर ऐसा क्या हुआ कि मौसम ने फरजाना को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार डाला। ये भी आपको बताते हैं।

पुलिस के अनुसार लाला मोहम्मदपुर गांव निवासी मौसम (40) अपनी पत्नी फरजाना (38) पर शक करता था। इसी के चलते दंपती के बीच करीब एक महीने से विवाद चल रहा था। जिसको लेकर पूर्व में दो बार दोनों पक्षों में पंचायत हो चुकी थी। सोमवार देर रात भी पति-पत्नी में विवाद हो गया। आरोपी पति ने महिला के सिर पर कुल्हाड़ी वार किए।

कुल्हाड़ी के हमले में महिला लहूलुहान होकर चारपाई पर गिर गई। मंगलवार तड़के फरजाना का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा देखकर बच्चे रोने लगे। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आरोपी पति व ससुराल वाले घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। बताया गया है कि आरोपी पत्नी के पड़ोसी वसीम से बात करने का शक करता था, उसे भी परिजन ने नामजद कराया है। फरजाना के भाई साजिद की तहरीर पर पुलिस ने मौसम, उसके चचेरे भाई मोईन पुत्र इकरारू निवासी पल्हेड़ा थाना पल्लवपुरम, वसीम पुत्र इकबाल निवासी लाला मोहम्मदपुर, रिश्तेदार चांद पुत्र सतुन निवासी ग्राम असौड़ा जिला हापुड़ व मौसम की बहन आसमीन निवासी लावड़ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सीओ दौराला शुचिता सिंह का कहना है कि मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन कर दिया गया है। हत्यारोपी पति व अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लाला मोहम्मदपुर गांव निवासी मौसम पुत्र हाशम मजदूरी करता है। मौसम की शादी लगभग 20 साल पूर्व नंगलाताशी निवासी फरजाना से हुई थी। शादी के बाद दोनों के छह बच्चे हुए। बड़ी बेटी 18 वर्षीय सोनम, 16 वर्षीय फिजा, 12 वर्षीय अदनान, नौ वर्षीय हिना, पांच वर्षीय अलीफा व लगभग दो वर्षीय अरहान है। बड़ी बेटी सोनम की शादी लगभग सात महीने पूर्व हुई थी।

बेटी फिजा ने बताया कि सोमवार रात से ही मम्मी पापा में लड़ाई हो रही थी। जिसकी वजह से उसे और भाई-बहनों को नींद नहीं आ रही थी। जिसके बाद देर रात लगभग 11 बजे के आसपास आरोपी पति ने बच्चों को दूसरे कमरे में सोने के लिए भेज दिया था। इसके बाद भी दंपती में देर रात तक विवाद होता रहा था। बेटी ने बताया कि बाद में सभी सो गए थे। इसी बीच आरोपी ने कुल्हाड़ी से कई वार कर फरजाना की हत्या कर दी। सुबह के समय बेटी फिजा की आंख खुली तो मां की हत्या का पता चला।

दो वर्षीय अरहान को नहीं पता कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। वह बस मां को याद कर बार-बार रोता रहा। अरहान को रोता देख सभी भाई बहन उसे चुप कराने का प्रयास करते हुए खुद भी राेने लगे। ये दृश्य देखकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। परिजन ने किसी तरह रोते बिलखते बच्चों को संभाला। मां को याद कर रोते-रोते अरहान थककर सो गया।

हत्या के बाद कमरे में चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। खून के धब्बे बाहर फर्श पर भी लगे हुए थे। कमरे में बिखरा खून अपने आप में घटनाक्रम को बयां कर रहा था। अंदर का मंजर देखकर बच्चों व अन्य लोगों की रुह कांप गई। कमरे की दीवारों पर भी खून के निशान लगे हुए थे।