संभल।    जुनावई थाना क्षेत्र के अजीजपुर के घेर गांव में एक विवाह समारोह में 80 से अधिक लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए। इनमें बराती व घराती दोनों शामिल हैं। खाना खाने के बाद लोगों को उल्टी, चक्कर, पेट में दर्द होने लगा। 14 लोगों को जुनावई के सरकारी अस्पताल और आठ लोगों को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।

शेष लोगों ने अन्य स्थानों पर उपचार कराया है। फूड इंस्पेक्टर ने खाने का सैंपल लिया है। इन सबके बीच जैसे तैसे शादी की रस्म निपटाई गई। जुनावई थाना क्षेत्र के अजीजपुर के घेर गांव निवासी धर्मवीर सिंह की बेटी प्रीति की शनिवार को शादी थी। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव ब्यौरा निवासी रामभरोसे अपने बेटे प्रमोद की बरात लेकर गांव आए थे।

बरात चढ़त के बाद देररात बरातियों और घरातियों ने खाना खाया। करीब एक घंटे बाद लोगों को तबीयत खराब होने लगी। किसी को उल्टी तो कोई पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत करने लगा। पहले तो लोगों ने नजर अंदाज किया, लेकिन जब ज्यादा लोग पीड़ित हुए तो अफरा तफरी मच गई।

लोग बरात छोड़कर निजी वाहनों से अस्पताल और चिकित्सक के पास पहुंचने लगे। इन सभी ने जुनावई सीएचसी और अन्य स्थानों पर अपना उपचार कराया। वहीं फूड प्वाइजनिंग की सूचना पर थाना पुलिस भी आ गई। सुबह में फूड इंस्पेक्टर ने गांव में लोगों से जानकारी की।

इसके बाद बचे हुए खाने और मसाले का सैंपल लिया। अभी तक खाने में एक्सपायर मसाले का उपयोग करने की जानकारी सामने आई है।