मेरठ। कांवड़ मार्गों पर दुकानदारों द्वारा नेमप्लेट लगाने के फैसले को लेकर विवाद थमा नहीं था कि अब नज्म पर विवाद उपजता नजर आ रहा है। ‘लहू रोता है हिंदुस्तान’ नज्म पढ़ने वाली मशहूर शायरा शबीना अदीब से भाजपा समर्थक आक्रोशित हैं। भाजपा समर्थकों ने शबीना अदीब को नौचंदी मेले के पटेल मंडप में आज होने वाले इंडिया मुशायरे में आने से रोक दिया है। शबीना के एक वायरल वीडियो को लेकर जिला प्रशासन, जिला पंचायत और नगर निगम अधिकारियों के बीच दिनभर मंथन चला। इसके बाद अपर नगर आयुक्त ने शबीना अदीब को फोन करके कार्यक्रम में न आने की बात कह दी।
नौचंदी के पटेल मंडप में शनिवार को ऑल इंडिया मुशायरा आयोजित होना है। जिसमें मशहूर शायर प्रोफेसर वसीम बरेलवी, डॉ. नवाब देवबंदी, डॉ. ऐजाज पोपुलर मेरठी, शबीना अदीब, जौहर कानपुरी, अजहर इकबाल सहित 11 शायर आएंगे और अपनी-अपनी नज्म पढ़कर मेरठ वालों की वाह-वाही लूटेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारी करने में तीन दिन से जिला प्रशासन लगा हुआ है।
शुक्रवार से मशहूर शायरा शबीना अदीब का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गुजरात का नाम भी उन्होंने नज्म में लिया है। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। भाजपा समर्थक नज्म को सरकार के खिलाफ बता रहे हैं। हालांकि शायरा ने किसी नेता का नाम नहीं लिया है। भाजपा महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज की अध्यक्षता में महापौर और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मंथन हुआ। जिसमें तय हुआ कि ऑल इंडिया मुशायरे में शायरा शबीना अदीब नहीं आएंगी।
यह बात जिला प्रशासन के अधिकारियों तक पहुंची। पटेल मंडप में कार्यक्रम कराने की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय पर है। शबीना अदीब को लेकर भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताते हुए उनको कार्यक्रम से तुरंत रोकने की बात कही।
यह कार्यक्रम पूर्व मंत्री डॉ. मेराजूद्दीन की अध्यक्षता में जिला प्रशासन करा रहा है। मशहूर शायरा शबीना अदीब पर रोक लगाने के बारे में डॉ. मेराजूद्दीन से अमर उजाला के संवाददाता ने फोन पर बात की। जिसमें शुरुआत में डॉ. मेराजूद्दीन ने शबीना अदीब के बीमार होने के कारण न आने की बात कही।
भाजपाइयों की आपत्ति के बारे में पूछा, तब वह बोले कि कुछ लोगों की गलत मानसिकता है। उनका पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। वह बड़ी शायरा हैं। देश के बड़े कवि सम्मेलन और मुशायरे में अक्सर देशभक्ति और सौहार्द बनाने के लिए नज्म पढ़तीं हैं। जान बूझकर पुराना वीडियो वायरल किया। उनको कार्यक्रम से रोका गया, जोकि बहुत गलत है।
भाजपा नेताओं की आपत्ति के बाद मशहूर शायरा शबीना अदीब को फोन करके मुशायरे के कार्यक्रम में आने से मना किया गया है। जो वीडियो वायरल हुआ है, वह 24 साल पुराना है। वह हमेशा हिंदू-मुस्लिम की एकता की बात करती हैं। उनको रोकना गलत है।
शबाना अदीब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह भाजपा के खिलाफ नज्म पढ़ रही हैं। कार्यकर्ताओं ने भी इस पर नाराजगी जताई है। शांति व्यवस्था बनाने को देखते हुए उनके आने पर रोक लगी है। पटेल मंडप में मुशायरा होगा।