मेरठ। मेरठ के गंगानगर से अपने बड़े बेटे विनय के साथ बाइक पर सवार होकर पुरकाजी जा रही प्रियंका पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की। हमले में बच जाने पर आरोपियों ने बलकटी से दोनों पर हमला कर घायल कर दिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रियंका ने बताया कि उसका पति प्रवीण सऊदी अरब में चालक की नौकरी करता है। प्रियंका अपने बड़े बेटे विनय के साथ कुछ वर्षों से गंगानगर की ईसापुरम कॉलोनी में रहती है। मूल रूप से वह गांव टिटौडा खतौली के रहने वाले हैं।
रविवार को प्रियंका अपने बड़े बेटे विनय के साथ बाइक से पुरकाजी जा रही थी। दुल्हैड़ा रजबहे के पास पहुंचने पर बाइक सवार दो बदमाशों ने प्रियंका और उसके बेटे विनय पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में दोनों बाल बाल बच गए, लेकिन उसके बाद हमलावरों ने विनय और प्रियंका पर बलकटी से हमला कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले। शोर सुनकर मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने पल्लवपुरम पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने पर लोगों ने घायल प्रियंका और उसके बेटे विनय को मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। प्रियंका को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।