मथुरा। मथुरा के बलदेव में यमुना एक्सप्रेस-वे पर माइल स्टोन 124 पर गांव हथौड़े के समीप बूंदाबांदी के कारण शुक्रवार को एक बाइक फिसल गई। हादसे में बाइक सवार चार दोस्तों में से दो की मौत हो गई और दो घायल हो गए। दोनों मृत युवक आगरा के निवासी थे। चारों हरिद्वार जाने के लिए निकले थे और रकम कम होने के कारण मांट टोल प्लाजा से ही लौट गए।
हादसे की सूचना पर थानाध्यक्ष त्रिलोकी सिंह व भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष निहाल सिंह आर्य मौके पर पहुंचे। दोनों ने घायलों को अस्पताल भेजा व मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि चार दोस्त एक बाइक पर सवार होकर कांवड़ लेने के लिए आगरा से हरिद्वार के लिए निकले थे। रकम की कमी की वजह से मांट टोल से वापस घर लौट रहे थे। हल्की बूंदाबांदी के कारण बाइक फिसल कर डिवाइडर से जाकर टकरा गई। हादसे में आकाश शर्मा (20) पुत्र संजीव शर्मा निवासी नगलापदी आगरा, अनु (21) पुत्र फूल सिंह नगला पदी आगरा की मृत्यु हो गई।
वहीं कालू पुत्र सुनील निवासी नगलापदी आगरा, रोहित पुत्र खेतपाल निवासी गांव मादौर बलदेव घायल हो गए। दोनों को पहले स्थानीय फिर जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया। रोहित के सिर की चोट के कारण उसे जिला अस्पताल से आगरा के एसएन मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही अनु और आकाश के परिवारीजनों का रो-रो कर बुला हाल हो गया। आकाश के भाई ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को कॉल की थी तो उसने कुछ नहीं बताया। वहीं अनु के पिता फूल सिंह ने बताया वह गोवर्धन की परिक्रमा लगाने की बात कह कर गया था।