मेरठ। परतापुर के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे स्थित काशी टोल प्लाजा पर शुक्रवार रात कार सवार युवकों ने टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद में टोलकर्मी पर फायरिंग कर दी। टोलकर्मी गौरव चौधरी ने सड़क पर लेटकर जान बचाई। फायरिंग के बाद कार सवार आरोपी बैरिकेड तोड़कर भाग गए। शुक्रवार सुबह थाने पहुंचकर टोलकर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस नंबर के आधार पर कार सवार आरोपियों को तलाश रही है।
दिल्ली से मेरठ की ओर आ रही कार के चालक ने टोल टैक्स देने से बचने के लिए एक कार को ओवरटेक कर भागने का प्रयास किया। टोल पर मौजूद एक टोलकर्मी ने कार को रोक लिया और टोल टैक्स देने के लिए कहा। कार सवार ने टोल टैक्स देने से मना करते हुए गाली गलौज की। तभी अन्य टोलकर्मी भी पहुंच गए और कार के आगे बैरिकेड लगा दिया।
इसके चालक ने कार दौड़ा दी और बैरिकेड को घसीटता हुआ निकल गया। कुछ दूरी पर जाकर आरोपी ने कार रोकी और टोलकर्मियों पर दो राउंड फायरिंग कर दी। इसमें गौरव चौधरी बाल बाल बच गया। आरोपी कार सवार मेरठ की ओर भाग गए। फायरिंग के दौरान कई वाहन चालक अपने वाहनों से उतरकर टोल केबिन के पीछे छुप गए। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की लेकिन उनका कोई पता नही चल सका।
शुक्रवार सुबह टोलकर्मी अमन, आशीष मिश्रा, प्रद्युमन तिवारी व विकास अवस्थी परतापुर थाने पहुंचे और आरोपी कार सवारों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। टोलकर्मी विकास अवस्थी ने बताया कि कार सवार आरोपी नशे में धुत थे। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार गाजियाबाद निवासी महिला संतो के नाम पर है। पुलिस टीम को गाजियाबाद भेजा गया है आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।