मेरठ। लोहिया नगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी काे अगवा कर शनिवार को चार घंटे तक दरिंदगी की गई। लोगों ने हंगामा कर पड़ोसी तालिब और उसके दो दोस्तों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया। आरोपी बदहवास और निर्वस्त्र हालत में पीड़िता को छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने तालिब और उसकी मां जरीदा पर केस दर्ज किया है।
हापुड़ रोड स्थित एक काॅलोनी में 16 वर्षीय किशोरी अपनी मां और भाई के साथ किराए के मकान में रहती है। पिता की मौत हो चुकी है। शनिवार सुबह भाई और मां मजदूरी पर गए थे। पड़ोसी तालिब चाचा का मकान दिखाने के बहाने किशोरी को अपने साथ एक घर में ले गया और दुष्कर्म किया। आरोप है कि तालिब ने दो दोस्तों को भी फोन कर मौके पर बुलाकर पीड़िता का मुंह दबाकर मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। आरोपी चार घंटे तक किशोरी से दरिंदगी करते रहे। जब किशोरी के भाई व मां काम से लौटे तो किशोरी घर पर नहीं मिली।
परिजन किशोरी को तलाश करते हुए मौके पर पहुंच गए। उन्हें किशोरी बदहवास और निर्वस्त्र हालत में मिली। परिजन व अन्य लोगों ने हंगामा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सीओ कोतवाली, लोहिया नगर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच की। पुलिस ने अस्पताल में ही किशोरी के बयान दर्ज किए। वारदात के बाद आरोपी परिवार समेत फरार हो गया। तालिब की मां पर आरोपी की मदद व पीड़िता के कपड़े बदलवाने का आरोप है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि पीड़िता की मां ने तालिब नाम के युवक के खिलाफ तहरीर दी है। जिसके आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसकी जांच कराई जा रही है। यदि किसी का नाम सामने आएगा तो उसे भी मुकदमे में आरोपी बनाया जाएगा।