नई दिल्ली: दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के साथ ही यमुना नदी भी दूषित होने लगी है। ताजा वीडियो कालिंदी कुंज का है, जहां पानी के ऊपर सिर्फ झाग ही दिख रहा है। देखने में भले यह किसी साबुन का झाग लगे, लेकिन असलियत में यह यमुना नदी है।

अगले महीने नवंबर में छठ जैसा बड़ा त्योहार है। दिल्ली में बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं। दिल्ली सरकार ने भी इस बार छठ को खास बनाने के लिए खास तैयारी की है,लेकिन इस बीच यह वीडियो जरूर तमाम तैयारियों को धता बता रहा है।

शुक्रवार यानी आज सोशल मीडिया पर यमुना नदी का नया वीडियो आया है। देखने पर साफ पता चल रहा है कि यमुना को प्रदूषण ने जकड़ लिया है। वीडियो में दूर तक देखने पर सिर्फ सफेद झाग ही नजर आ रहा है। देखने पर कोई बर्फीली जगह मालूम पड़ती है, लेकिन यह नजारा दिल्ली के कालिंदी कुंज का है। यहां प्रदूषण के तत्वों ने पूरे पानी को जहरीला बना दिया है।