पीलीभीत : न्यूरिया क्षेत्र में एक युवक ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। मृतक के मंझले भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि छोटे भाई के भाभी से अवैध संबंध थे। इसी के चलते बड़े भाई ने उसकी जान ले ली।
पीलीभीत जनपद में पत्नी से अवैध संबंध होने से नाराज युवक ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। आरोपी ने कुल्हाड़ी से उसके गर्दन और कांधे पर वार किए। गुरुवार रात हुई घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। मृतक के दूसरे भाई की ओर से पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सूचना मिलने पर खटीमा से आए मृतक के भाई ने बताया कि उसका छोटा भाई न्यूरिया क्षेत्र में वृद्ध मां के साथ श्मशान घाट मां काली मंदिर में रहता था। मंदिर की सेवा करने का कार्य करता था। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे भोजन करने बाद मां और भाई सोने चले गए। छोटा भाई मंदिर परिसर के बरामद में जाकर लेटा था।
रात करीब 12:30 बजे उसके करहाने की आवाज पर मां ने पास जाकर देखा तो वह लहुलूहान अवस्था में मिला। उसकी हालत देख मां के होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंच गए। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी कुछ देर बाद मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
मृतक के भाई ने बताया कि युवक के बड़े भाई की पत्नी से अवैध संबंध थे। बड़ा भाई दूसरे शहर में रहकर मजदूरी करता था। अवैध संबंध की जानकारी होने के बाद से दोनों भाइयों में विवाद रहने लगा। इसी रंजिश के चलते बड़े भाई ने उसकी हत्या कर दी। मां ने आरोपी भागते समय देख लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी भाई दो दिन पूर्व से गांव में घूमता दिखाई दे रहा था। इस दौरान वह अपनी मां से मिलने भी नहीं आया। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से भाग गया। परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर कॉल किया तो वह स्विच ऑफ था।
सीओ सदर विधि भूषण ने बताया कि मामले की सूचना पर जांच पड़ताल की गई। अवैध संबंध के कारण बड़े भाई द्वारा अपने छोटे भाई की हत्या करने की बात सामने आई। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।