मेरठ।  बच्चों को मोबाइल गेम खेलने के लिए दे रहे हैं तो सावधान हो जाएं। मेरठ में बच्चों ने खेल खेल में व्हाट्सएप पर आया एक लिंक क्लिक कर दिया। लिंक क्लिक करते ही पिता के खाते से साइबर ठगों ने एक लाख रुपये निकाल लिए।

मेरठ में मोबाइल से खेल रहे बच्चे ने व्हाट्सएप पर आए लिंक को क्लिक किया तो उनके पिता के बैंक खाते से एक लाख रुपये साइबर अपराधियों ने निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लोहियानगर नगर क्षेत्र के हापुड़ रोड जमना नगर निवासी सुहेल खान ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि उसके व्हाट्सएप नंबर पर 20 अक्तूबर को एक अनजान नंबर से मेसेज आया। इसके बाद एक लिंक आया।

उस समय मोबाइल से बच्चे खेल रहे थे। बच्चों ने अनजाने में इस लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से चार बार में एक लाख रुपये निकल गए। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई करते हुए खाते से निकली रकम वापस दिलाने की मांग की है।