मेरठ. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम में काफी बदलाव के साथ नए साल की शुरुआत होगी। सुबह हल्का कोहरा रहेगा तो ठंड भी बढ़ेगी। अगले 24 से 48 घंटे तक शीतलहर के कारण तापमान में गिरावट आएगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 5 से 7 जनवरी तक फिर से मौसम बिगड़ेगा।
मौसम कार्यालय पर शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री और न्यूनतम 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन में हवा की गति थोड़ी धीमी रही तो तापमान में भी 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि अभी ठंड का असर बना रहेगा। सुबह के समय कोहरा छाने के आसार हैं। दिन में मौसम साफ रहेगा और रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड अधिक होगी। अभी न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जाएगी।
कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि वेस्ट यूपी में 5 से 7 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा और ठंड बढ़ेगी। वहीं, शुक्रवार को मेरठ सहित एनसीआर में फिर से प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी हुई है। एक्यूआई फिर से 291 पर पहुंच गया है।