नई दिल्ली. डाकघर बचत योजनाएं आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती हैं। यह आपको सुरक्षित रिटर्न मुहैया कराती हैं। लेकिन, अगर आप डाकघर बचत योजनाओं के बारे में नहीं जानते हैं तो आपको जानना चाहिए। आज हम आपको इसी के बारे में बताने वाले हैं। इस आर्टिकल में आप जानेंगे कि आखिरी डाकघर बचत योजनाएं क्या-क्या हैं और यह योजनाएं आपको कितने ब्याज दर से रिटर्न देती हैं।
डाकघर बचत खाता पर 4.0 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलता है। खाता खोलने के लिए न्यूनतम राशि 500 रुपये है। वहीं, 5-वर्षीय डाकघर आवर्ती जमा खाता पर 5.8 फीसदी प्रति वर्ष (त्रैमासिक चक्रवृद्धि) का ब्याज मिलता है। यह न्यूनतम 100 रुपये प्रति महीना या इससे ज्यादा 10 रुपये के गुणकों में किसी भी राशि के साथ खोल सकते है। कोई अधिकतम सीमा नहीं।
डाकघर सावधि जमा खाता के एक वर्षीय खाते, दो वर्षीय खाते, तीम वर्षीय खाते पर 5.5 फीसदी सालाना ब्याज दर मिलती है जबकि पांच वर्षीय खाते पर 6.7 फीसदी सालाना ब्याज दर मिलती है। यह वार्षिक ब्याज तिमाही आधार पर देय होता है। इस योजना में न्यूनतम 1000 रुपये या 100 रुपये के के गुणकों में किसी भी राशि के साथ शुरू कर सकते हैं। कोई अधिकतम सीमा नहीं है।
डाकघर मासिक आय योजना खाता में 6 .6 फीसदी प्रतिवर्ष ब्याज दर है, जो मासिक आधार पर देय है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिक बचत योजना में 7.4 फीसदी वार्षिक ब्याज दर मिलती है। वहीं, सार्वजनिक भविष्य निधि खाता में पैसा निवेश करने पर आपको 7.1 प्रतिशत प्रति वर्ष (चक्रवृद्धि वार्षिक) ब्याज दर मिलती है।
सुकन्या समृद्धि खाता योजना में निवेश करने पर 7.6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर (चक्रवृद्धि) मिलती है। वहीं, राष्ट्रीय बचत प्रमाण पत्र पर 5 वर्ष की परिपक्वता पर 6.8 प्रतिशत चक्रवृद्धि ब्याज दर मिलती है। इसमें 5 साल में 1000 रुपये बढ़कर 1389.49 रुपये हो जाते हैं। किसान विकास पत्र पर 6.9 प्रतिशत चक्रवृद्धि वार्षिक ब्याज दर मिलती है।