हर व्यक्ति का कोई न कोई जन्म मूलांक होता है। इसी मूलांक के आधार पर किसी भी व्यक्ति के स्वभाव, आदतों, गुण-दोष आदि को जाना जा सकता है। यहां हम बात करने जा रहे हैं मूलांक 3 वालों के बारे में। इस मूलांक की लड़कियां मेहनती, ईमानदार, बुद्धिमान और सहनशील होती हैं। इनकी किस्मत काफी तेज होती है। ये जिस काम में हाथ डालती हैं उसमें सफलता हासिल करके ही दम लेती हैं। जिन लोगों की जन्म तारीख 3, 12, 21 या 30 होती है उनका मूलांक 3 होगा। मूलांक 3 का स्वामी ग्रह गुरु होता है।

मूलांक 3 वाली लड़कियां काफी स्वाभिमानी मानी जाती हैं। इन्हें किसी का एहसान लेना पसंद नहीं होता। ये जो भी करती हैं अपने दम पर ही करती हैं। इन्हें अपने कार्यों में किसी की भी दखलअंदाजी जरा भी पसंद नहीं होती। ये भीड़ से हटकर अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहती हैं। समाज में इन्हें खूब इज्जत और मान-सम्मान की प्राप्ति होती है। ये काफी महत्वाकांक्षी होती हैं। इनके सपने बड़े होते हैं। इनकी चाहत रहती है कि ये हमेशा ऐसा काम करें जिससे हर कोई इन्हें जाने।

इस मूलांक की लड़कियां पति के लिए बेहद भाग्यशाली मानी जाती हैं। ऐसा माना जाता है कि ये जिस घर में शादी करके जाती हैं वहां की काया पलट देती हैं। इनके शुभ कदम ससुराल में पड़ते ही वहां सुख और समृद्धि आ जाती है। ये अपने बड़े बुजुर्गों की काफी इज्जत करती हैं। अपने परिवार को साथ लेकर चलती हैं और उनकी हर छोटी मोटी जरूरतों का पूरा ख्याल रखती हैं। ये जिस व्यक्ति से अपना रिश्ता जोड़ लेती हैं उसका साथ जिंदगी भर निभाती हैं।

ये दूरदर्शी होती हैं। भविष्य में होने वाली घटनाओं को पहले ही भांप लेती हैं। बिजनेस और नौकरी दोनों में इनका प्रदर्शन काफी शानदार रहता है। लेकिन बिजनेस के क्षेत्र में सफल होने के इनके ज्यादा आसार रहते हैं। ये नई-नई योजनाओं से खूब लाभ कमाती हैं। इनकी आर्थिक स्थिति हमेशा अच्छी रहती है। इनके पास धन की कभी कमी नहीं होती।