कोट्टायम. केरल के कोट्टायम जिले में पत्नी द्वारा पति को बीते छह सालों से खाने में ड्रग्स दिए जाने का मामला सामने आया है। पति की शिकायत पर पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला कोट्टायम के पाला कस्बे का है। आरोपी आशा सुरेश (36) के खिलाफ उसके पति सतीश (38) ने केस दर्ज कराया है। पति का आरोप है कि आशा उसे खाने में मादक पदार्थ मिलाकर दे रही थी।
पाला में रहने वाले इस दंपति की शादी 2006 में हुई थी। शुरुआत में पति अपने कारोबार को लेकर संघर्षरत रहा। इसके बाद उसने आइसक्रीम उद्योग में प्रवेश किया। इसके बाद 2012 में उसने पलक्कड में खुद का मकान खरीद लिया।शिकायत के अनुसार इसके बाद आशा उससे छोटी छोटी-बातों पर झगड़ा करने लगी। जैसे-जैसे समय बीतता गया सतीश ने पाया कि वह कमजोर होता जा रहा है। उसने डॉक्टर को दिखाया तो उसने कहा कि शुगर कम होने के कारण ऐसा हो सकता है। दवाएं लेने के बाद भी उसकी सेहत ठीक नहीं हुई।
इसके बाद सितंबर 2021 में सतीश ने घर का भोजन करना बंद कर दिया, इसके बाद उसकी हालत सुधरने लगी। इस पर उसे पत्नी पर शंका हुई। इसके बाद उसने अपने मित्र से कहा कि वह यह पता लगाए कि क्या आशा उसके खाने में कोई ड्रग डाल रही है। मित्र ने जब आशा से संपर्क किया तो उसने ड्रग मिलाने की बात कबूल ली। यहां तक कि उसने व्हाट्स एप पर उस ड्रग की तस्वीर भी उसे भेज दी, जो वह पति के खाने में मिला रही थी। सतीश ने अपने घर के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को जांच के लिए सौंपे हैं।
पुलिस ने बताया कि आशा पति सतीश के पीने के पानी की बोतल में भी ड्रग मिलाती थी। उसने अपने बयान में कहा है कि उसे शंका थी कि पति उसे अपनी संपत्ति में से कुछ भी नहीं देगा और सारी संपत्ति भाइयों व अन्य परिजनों को दे देगा, इसलिए वह यह हरकत करती थी। पुलिस मामले की आगे पड़ताल कर रही है।