नई दिल्ली. भारत के मशहुर कमेंटेटर हर्षा भोगले का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें हर्षा इंस्टाग्राम के एक लाइव वीडियो में आईपीएल पर बात करते-करते अचानक से चीखते हुए स्क्रीन से गायब हो जाते हैं। वह कहते सुनाई देते हैं कि क्या हुआ? कौन है? कहां से आ गया? इसके बाद उनकी आवाज बंद हो जाती है। एंकर भी हर्षा भोगले को लेकर हैरान और परेशान दिखे। पहले एंकर को लगा कि भोगले का फोन गिर गया है। लेकिन जल्द ही उन्हें समझ आया कि कुछ गड़बड़ हो गई है।

इस पूरी घटना के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस भी परेशान हो गए और उनकी सलामती की दुआ करने लगे। लोग हर्षा की स्थिति को लेकर चिंतित नजर आए और लगातार पोस्ट करने लगे। हालांकि बाद में इस मामले पर हर्षा की पत्नी अनीता भोगले ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर स्थिति साफ की।

अनीता भोगले ने लिखा, “दोस्तों, बस यह स्पष्ट कर रही हूं कि हर्षा भोगले के साथ सब ठीक है। यह एक प्रोमो था जो वायरल हुआ और दुर्भाग्य से सभी को चिंतित कर दिया। प्यार और चिंता के लिए धन्यवाद।”

इसके बाद हर्षा भोगले ने भी खुद ट्विट कर इस वीडियो के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘मैं ठीक हूं। आप में से बहुतों को चिंतित करने के लिए खेद है। प्यार और चिंता के लिए धन्यवाद। यह मेरी सोच से अधिक वायरल हो गया। यह भी एक सीख है। इसका मतलब किसी और चीज की ओर ले जाना था। माफी चाहता हूं और चीयर्स।”