नई दिल्ली। अप्रैल के शुरू होते ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में भंयकर गर्मी शुरू हो गई है। साथ ही देश के कई हिस्सों में लू का भी प्रकोप जारी है। देशभर के मौसम की जानकारी देते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के शीर्ष अधिकारी आरके जेनामणि ने बताया कि मार्च के महीने में पूरे देश में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अब तक का सबसे अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.24 डिग्री सेल्सियस रहा। यह तीसरा सबसे अधिक है। उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 30.73 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला, जो 122 वर्षों में सबसे अधिक है। इसी तरह पूर्वी उत्तर भारत में भी तापमान देखा गया है।

आइएमडी के शीर्ष अधिकारी ने बताया कि गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान में शुरुआती लू चलना शुरू हो गई है। शुष्क मौसम अभी जारी रहेगा और अगले 10 दिनों तक बारिश नहीं होगी। साथ ही कहा कि अप्रैल का महीना राजस्थान, गुजरात, मध्य भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के लिए अधिक गर्म होगा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार की सुबह धूप खिली और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 51 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिनभर आसमान साफ ​​रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दिनों आइएमडी के अधिकारियों ने कहा था कि लंबे समय तक बारिश न होने के कारण उत्तर पश्चिम भारत में गर्म मौसम की स्थिति पैदा हो गई है।

दिल्ली के कुछ हिस्सों में गुरुवार को भीषण गर्मी पड़ी और अधिकतम तापमान तीन स्थानों पर 41 डिग्री को पार कर गया। मौसम विभाग ने 3 से 6 अप्रैल के बीच अलग-अलग स्थानों पर भीषण लू चलने की भविष्यवाणी की है।