लखनऊ. उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। अप्रैल की शुरुआत में ही कई जिलों का तापमान 44 डिग्री पहुंच चुका है। वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र में आसमान और जमीन आग उगल रहे हैं।
हालांकि आज सुबह कुछ शहरों में हवा चलने के कारण मौसम ने कुछ देर के लिए राहत दी लेकिन चिलचिलाती धूप निकलते ही भीषण गर्मी के चलते लोग पसीने से तरबतर हो गए। यूपी के कई जिलों में तापमान 40 से 44 डिग्री के बीच है। रविवार को मथुरा का तामपान सर्वाधिक 44 डिग्री वहीं बरेली का तापमान 40 डिग्री के करीब दर्ज किया गया है।
पश्चिम यूपी के मेरठ, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, संभल, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, एटा, हाथरस, कासगंज, इटावा, औरैया और फर्रुखाबाद जिले में आसमान आग बरसा रहा है। वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र के महोबा, झांसी, बांदा, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर और चित्रकूट में इतनी गर्मी है कि धूप में लोगों का घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है।
इन जिलों में मौसम विभाग ने हीट वेब की चेतावनी जारी कर दी है। ऐसे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति बनी हुई है। अप्रैल की शुरुआत में ही राजधानी लखनऊ, मेरठ, आगरा, वाराणसी, गोरखपुर समेत कई अन्य शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। प्रदेश में रविवार को सबसे गर्म शहर मथुरा रहा। यहां पारा 44 डिग्री के पार चला गया है। बता दें कि इन दिनों पाकिस्तान से राजस्थान होते हुए उत्तर प्रदेश में दाखिल हो रही उत्तर-पश्चिमी गर्म हवा के चलते ही लगातार झांसी समेत बुंदेलखंड क्षेत्र का तापमान बढ़ रहा है।
आज ऐसा रहेगा तापमान
कासगंज में सुबह से ही तेज धूप निकली है। वहां अधिकतम तापमान 42 वहीं न्यूनतम 24 डिग्री है। मथुरा में तेज धूप के साथ हल्की हवा भी चल रही है लेकिन आज तापमान 44 डिग्री है और न्यूनतम 42 डिग्री है। इटावा में अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम 23 डिग्री है। हाथरस में रविवार का तापमान अधिकतम 43 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है।
प्रतापगढ़ में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री है। उन्नाव में रविवार का दिन अन्य दिनों की अपेक्षा काफी गर्म है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री है। यहां लू चलने के कारण लोगों को गर्मी अधिक परेशान करेगी। वहीं बरेली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है।
शनिवार को ये था कुछ प्रमुख शहरों का तापमान
आगरा में शनिवार को 44 डिग्री पारा रहा। वहीं प्रयागराज में 43 डिग्री, वाराणसी में 43 डिग्री, अलीगढ़ में 42.2 डिग्री, कानपुर में 42 डिग्री, लखनऊ में 41 डिग्री, झांसी में 43 डिग्री, बलिया में 40.8 डिग्री और मेरठ में 40.2 डिग्री तक तापमान रहा।