मेरठ। गढ़ रोड पर बीती रात तीन बजे फ्लावर मार्केट में भीषण आग लग गई। आग ने एक के बाद कई खोखों व अस्थाई दुकानों को चपेट में ले लिया। आसपास के दुकानदारों ने पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। जिसमें व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ी ने 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर आबू पाया।
मेरठ में गढ़ रोड पर अक्षय पैलेस के पास फूलों का बाजार सजाया जाता है। यहां 20 से अधिक फूलों की दुकानें व खोखे हैं। इन अस्थाई दुकाने व खोखे बांस व लकड़ी की बनी हुई थी। यहां, गेंदा, गुड़हल, गुलाब, गुलमोहर, द्रोपदी माला, जरबरा, गोदावरी, विदेशी फूल भी मिलते हैं।
सजावट के लिए प्रयोग होने वाले अलग अलग प्रकार के फूल मेरठ और आसपास के जिलों में पहुंचाए जाते हैं। फूलों के यहां 13 दुकान जलकर राख हुई हैं। कई लोग यहां सोए भी हुए थे। जिन्होंने आग लगने पर भागकर जान बचाई।
आग की सूचना पर नौचंदी पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला। पुलिस मान रही है की सड़क किनारे यह लकड़ी व बांस के खोखों में फूलों को रखते हैं। इसलिए आग बहुत तेजी से खोखों तक फैल गई। आग से 13 लोगों का 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान होना बताया गया है। गनीमत रही की सुबह चार बजे ही दिल्ली से फूल यहां आते हैं। नहीं तो यह नुकसान 20 लाख से अधिक का होता।