लखनऊ. अवैध ढंग से कब्जा की गई भूमि पर बड़ी-बड़ी इमारतें, मार्केट और धार्मिक स्थल बनाने और रिश्तेदारों को बसाकर अपराधिक गतिविधियां चला रहे दबंग लोगों के खिलाफ योगी सरकार का बुलडोजर और तेज गति से दौड़ने लगा। गुरुवार को गाजियाबाद के उस्मान गढ़ी में तालाब की भूमि पर अवैध ढंग से कब्जा कर बनाए गए मकानों को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर तोड़ डाला। ये मकान समाजवादी पार्टी के नेता उस्मान चौधरी ने बनवाए थे।

सपा नेता पर आरोप है कि उसने तीन दशक पहले 1990 में 60 बीघा तालाब पर कब्जा कर अपने नाम से उस्मान गढ़ी कालोनी बसा दी थी। और उस पर अपने रिश्तेदारों को बसा दिया तथा अन्य लोगों को भी बेच दिया। अब तक करीब चार सौ मकान बन चुके हैं। और ढाई हजार लोग रह रहे हैं। मकान देते समय उसने कई लोगों से किस्तों में पैसे लिए थे।

उस्मान पर मसूरी थाने में जमीन कब्जाने, घर में घुसकर मारपीट करने और डकैती के मुकदमे भी दर्ज हैं। आरोपी को भूमाफिया घोषित करने की संस्तुति की गई है। वह जेल भी जा चुका है। कार्रवाई के दौरान मौके पर एसडीएम विनय कुमार सिंह, तहसीलदार विजय कुमार मिश्र पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे।

इसके अलावा मेरठ के इनामी बदमाश गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो का करीबी और उसका राइट हैंड बताया जाने वाला अजय सहगल की अवैध संपत्ति पर भी गुरुवार को योगी सरकार का बुलडोजर चला। इस दौरान उसकी सात अवैध दुकानें ढहा दी गईं। प्रशासन का कहना है कि ये दुकानें बद्दो की शह पर मेरठ विकास प्राधिकरण के पार्क पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाई गई थीं।

इससे पहले पिछले महीने 15 मार्च को गैंगस्टर बदन सिंह के मार्केट और फैक्ट्री को भी बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया गया था। गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो पर ढाई लाख का इनाम घोषित है। उसने 1996 में मेरठ के वकील रवींद्र गुर्जर की हत्या कर दी थी। उसके बाद वह कई अन्य अपराधों में भी शामिल रहा। जेल में से निकलने के बाद भी वह एक के बाद एक कई वारदातों को अंजाम देता रहा। एक बार वह पुलिस की कस्टडी से भाग निकलने में भी कामयाब हो गया था।

उधर, योगी का बुलडोजर का असर दिल्ली में भी दिखने लगा है। हाल ही में जहांगीरपुरी में नगर निगम की कार्रवाई के बाद शाहीनबाग में भी बुलडोजर चलाए जाने की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोग खुद ही अपने कब्जे हटाने में जुट गए हैं। गुरुवार सुबह से ही कई लोग अपने दुकानों और मकानों के अवैध हिस्से खाली कर रहे हैं और सामानों को दूसरी जगह शिफ्ट करने में लगे हैं।