मेरठ.मेरठ के मोदीपुरम स्‍थित पल्लवपुरम फेज दो स्थित भव्य पैलेस के प्रथम तल पर पिज्जा कैफे में रविवार को दिन निकलते ही आग लग गई। कैफे में रखा कमर्शियल गैस सिलेंडर फट गया। जिससे दीवार में दरार आ गई। स्थानीय भाजपा पार्षद ने आग को देखा तो शोर मचाया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। कैफे स्वामी को आग लगने की सूचना दी गई। कंट्रोल रूम की सूचना पर पल्लवपुरम थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ी मौके पर पहुंची। मगर उनसे पहले भाजपा पार्षद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाने के चक्कर में कैसे स्वामी का हाथ भी झुलस गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।

मॉर्निंग वॉक को निकले भाजपा पार्षद ने देखी आग
पल्लवपुरम फेस-दो निवासी सुबोध चौधरी का भव्य पैलेस के प्रथम तल पर पिज्जा कैफे है। शनिवार रात को कैफे को अन्य दिनों की तरह ही बंद कर स्टाफ और स्वामी घर चले गए थे। रविवार सुबह भाजपा के स्थानीय पार्षद विक्रांत ढाका मॉर्निंग वॉक को निकल रहे थे। तभी उन्होंने कैफे की खिड़कियों से आग के शोले देखें। पार्षद ने आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और आग बुझाने का प्रयास किया। स्वामी सुबोध और कंट्रोल रूम को भी सूचना दी गई। आग लगने से कैफे के अंदर की प्लास्टिक वाली पानी की पाइप लाइन फट गई थी। जिससे निकली पानी की बौछार से आग थोडी काबू हुई।

मशक्‍कत से आग पर काबू पाया
आग से कमर्शियल सिलेंडर फट गया था। जिसके धमाके से एक दीवार में दरार हो गई। दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों सॉन्ग आग बुझाने के दौरान कैफे स्वामी सुबोध का एक हाथ भी मामूली रूप से झुलस गया। जिसका पास के चिकित्सक से उपचार कराया गया। आग से कैफे के अंदर सारा सामान जलकर राख हो गया। कैफे से सटे जिम का एक गेट भी जल गया है।

करीब दस लाख रुपये का नुकसान
समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया होता तो आग के शोले जिम को भी अपनी चपेट में ले सकते थे। सुबोध चौधरी का कहना है कि कैफे में आग लगने से करीब दस लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं पल्लवपुरम थानाध्यक्ष अवनीश कुमार अस्टवाल का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।