फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पुलिस ने गुरुवार को एक मकान पर छापा मारकर ऐसे कारखाने का भंडाफोड़ किया है, जहां 100-100 के जाली नोट छाप रहे थे। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मौके से 100-100 के जाली नोट, नोट छापने की मशीन सहित कई उपकरण बरामद हुए हैं।

थाना शिकोहाबाद पुलिस ने गुरुवार को एक मकाना पर छापा मारा। यहां से जाली नोट बनाने वाले गिरोह के सरगना सहित पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह का सरगना तिहाड़ जेल भी जा चुका है। पुलिस ने 1,92,000 रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। इन जाली नोटों को पंचायत चुनाव के दौरान खपाने की तैयारी थी।

इस गिरोह के सरगना का नाम तजेंद्र उर्फ काका है। वह मोती नगर, दिल्ली का रहने वाला है। तजेंद्र वर्ष 2006 और 2012 में जाली नोट बनाने के अपराध में दिल्ली के थाना कमला मार्केट और विजय विहार थाना क्षेत्र में पकड़ा गया था। तब दिल्ली पुलिस ने उसे तिहाड़े जेल भेजा था। सरगना के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज है।

अन्य आरोपियों में शिकोहाबाद निवासी संतोष उर्फ सलीम , जितेंद्र दिलीप और दीपक शामिल हैं। सरगना तजेंद्र वर्ष 2017 में फ़िरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र से नकली करेंसी चलाने के मामले में जेल भी गया था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गिरोह को लेकर और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।