मेरठ. मेरठ में अवैध निर्माण गिराने पहुंचे बुलडोजर ने जमीन भी खोद डाली। बृहस्पतिवार को परतापुर में एमडीए की टीम अवैध निर्माण ढहाने पहुंची। निर्माण गिराने के साथ ही बुलडोजर ने कालोनी की जमीन भी खोद दी।

परतापुर क्षेत्र में हुई इस कार्यवाही में टीम ने निर्माण के साथ पक्के रास्ते पर भी बुलडोजर चला दिया। कब्जा करने वालों ने सिर्फ मकान के लिए ही जमीन पर कब्जा नहीं किया था बल्कि कालोनी विकसित करने के लिए यहां टाइल्स और ईंटों से पक्का रास्ता बना दिया था। जिससे आने जाने वालों को आसानी हो। टीम ने इस रास्ते को भी खोदकर खत्म कर दिया।

मेरठ में प्रशासन द्वारा लगातार सरकारी जमीन पर हुए कब्जों को हटाने का अभियान चल रहा है। बृहस्पतिवार को इसी अभियान के तहत एमडीए की टीम परतापुर क्षेत्र के रिठानी पुट्ठा रोड पर बन रहे अवैध निर्माण को गिराने पहुंची। यहां तीन अवैध कालोनियों को बनाया जा रहा था। करीब 22000 वर्ग मीटर पर ये अवैध कालोनियों का निर्माण हो रहा था।

तीन कालोनियों में एक कालोनी राजेंद्र शर्मा व पंपा 5000 वर्ग मीटर,अनिल कुमार प्रदीप कुमार 5000 वर्ग मीटर,अमित कुमार 12000 वर्ग मीटर की बताई जा रही है। टीम ने तीनों जगहों पर हुए निर्माण को गिराकर एमडीए का बोर्ड लगा दिया।